दो दिवसीय नवीन आपराधिक कानून जनजागरूकता प्रदर्शनी व कार्यशाला का शुभारंभ

रायगढ़। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा दो दिवसीय जनजागरूकता प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ अधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के पहले चरण में डीजीपी/आईजीपी कॉन्फ्रेंस-2025 की सिफारिशों के अनुरूप आधुनिक, तकनीक आधारित और जनोन्मुखी पुलिसिंग पर कार्यशाला आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सम्मेलन में थानों के आधुनिकीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), CCTNS, ICJS, NATGRID, डेटा एनालिटिक्स, साइबर अपराध नियंत्रण, रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और ट्रस्ट-बेस्ड पुलिसिंग जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए थे। कार्यशाला में इन्हीं सिफारिशों को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने के संबंध में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

दूसरे सत्र में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) सहित नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य त्वरित न्याय, पीड़ित-केंद्रित व्यवस्था, डिजिटल पुलिसिंग, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध एवं संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करना है। साथ ही नए कानूनों के तहत उपयोग होने वाले प्रपत्रों और अभिलेखों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नए कानूनों की आवश्यकता और उनके महत्व के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें कानूनों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

प्रदर्शनी में नवीन आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, हेलो सिस्टर हेल्पलाइन और यातायात जागरूकता से जुड़े चार प्रमुख स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों ने इन स्टॉलों का भ्रमण कर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और साइबर अपराध से बचाव सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आधुनिक और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था तभी सफल होगी, जब पुलिस के साथ-साथ आम नागरिक भी नए कानूनों की जानकारी रखें। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को आयोजित होने वाले “पुलिस जन संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से भी लोगों को कानूनों और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी, जबकि जनजागरूकता प्रदर्शनी दूसरे दिन भी आमजन के लिए खुली रहेगी।

ब्यूरो प्रमुख- रायगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!