जशपुरनगर। जिले के दूरस्थ क्षेत्र झारगांव के ग्रामीणों को अब बरसात में होने वाली भारी परेशानियों से राहत मिलने जा रही है। जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव की पहल पर ग्राम पंचायत बांसाताल के आश्रित गांव झारगांव में पुल निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए विष्णु देव साय ने 15 लाख रुपये की मंजूरी दी है।
दुलदुला ब्लॉक क्षेत्र में बनने वाले इस पुल का भूमि पूजन स्वयं शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पुल निर्माण को लेकर उत्साह देखने को मिला।
भूमि पूजन के दौरान जूदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर सहित पूरे प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि झारगांव के ग्रामीणों ने बरसात के दिनों में पहाड़ी नाले के कारण आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों की जानकारी दी थी, जिसके बाद इस पुल निर्माण की पहल की गई।
गौरतलब है कि झारगांव छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित लगभग 400 आबादी वाला गांव है, जहां पहुंचने के लिए पहाड़ी नाले को पार करना पड़ता है। बरसात के दौरान नाले में उफान आने से गांव पूरी तरह अलग-थलग पड़ जाता था और ग्रामीणों को ‘टापू’ जैसे हालात में जीवन बिताना पड़ता था।
सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन स्थिति, विशेषकर स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान होती थी। पुल निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए शौर्य प्रताप सिंह जूदेव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा।













