वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित एल.टी. कॉलेज मैदान में रविवार को स्व. नबी अहमद कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया। उद्घाटन मैच में जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने महाकाल स्पोर्टिंग क्लब को हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने निर्धारित आठ ओवर में 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाकाल स्पोर्टिंग क्लब की टीम 38 रन ही बना सकी। जेडी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से अनस ने 19 रन की शानदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता के आयोजक स्व. नबी अहमद स्पोर्टिंग क्लब के सचिव नफीस अहमद ने बताया कि टूर्नामेंट में बाबा स्पोर्टिंग क्लब, मुस्लिम एलेवन क्लब, हनुमान घाट स्पोर्टिंग क्लब, एचडीएफसी, कमिश्नरेट पुलिस, नगर निगम, सुपर एलेवन, आदर्श एलेवन, डीपी इंडस्ट्रीज क्लब, टीसीसी और अशोका स्पोर्टिंग क्लब सहित कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 07 जून 2026 को खेला जाएगा।









