वाराणसी। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कोटवां पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोहनिया एसीपी संजीव कुमार शर्मा ने की।
बैठक में बकरीद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, कुर्बानी और नमाज को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। एसीपी संजीव कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी। साथ ही खुले स्थानों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी करने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
उन्होंने कहा कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए और सड़क या चौराहों पर नमाज न पढ़ी जाए। त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय, कोटवां चौकी प्रभारी ऋतुराज मिश्रा सहित कोटवां और छितौनी क्षेत्र के मुस्लिम एवं हिंदू समाज के संभ्रांत लोग, ग्राम प्रधान और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।









