रायबरेली। जिले के बछरांवा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मूसेपुर मजरे सेहगो पश्चिम गांव में एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोना (60) पत्नी प्यारेलाल का गांव के ही निवासी पिंटू पुत्र नौमीलाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पिंटू ने वृद्ध महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मृतका की पुत्री ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी दोनों एक ही गांव और एक ही बिरादरी से संबंधित हैं। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।













