वाराणसी। थाना लोहता पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 25 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर शहबाज उर्फ बल्लू (20 वर्ष), निवासी धमरिया, को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, केराकतपुर के पास से सुबह करीब 10:10 बजे गिरफ्तार किया गया।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को वादी हफीजुर्रहमान ने अपने 17 वर्षीय नाबालिग भाई के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना लोहता में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 0222/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस एवं धारा 3/4(1) पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय के नेतृत्व में एवं उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









