माघ मेला: वाराणसी–रामबाग रूट पर चलाई जाएगी मेमू स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने शुरू की तैयारियाँ

वाराणसी। माघ मेला के दौरान होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने वाराणसी और प्रयागराज रामबाग के बीच अतिरिक्त मेमू स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को डीआरएम आशीष जैन ने इस रूट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि में भीड़ प्रबंधन महाकुंभ की तर्ज पर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने निगतपुर और कटका रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध खाली कमरों को यात्री प्रतीक्षालय और स्टेशन मास्टर विश्राम गृह के रूप में विकसित करने के आदेश दिए। उन्होंने साफ कहा कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को कतई असुविधा न हो, इसके लिए स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुव्यवस्थित किया जाए।

माघ मेला के समय लाखों श्रद्धालु संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचते हैं, जिसके कारण इस रूट पर यात्री संख्या कई गुना बढ़ जाती है। भीड़ के उसी दबाव को ध्यान में रखते हुए इस बार रेलवे प्रशासन पहले से ही तैयारियों को तेज कर चुका है, ताकि स्पेशल ट्रेनें सुचारू रूप से संचालित हो सकें और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें।

संवाददाता- वाराणसी ब्यूरो प्रमुख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!