वाराणसी। विकास की रफ्तार के बीच महेशपुर की सिक्स लेन सड़क अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। मंडुवाडीह वार्ड के इस इलाके में सड़क तो चौड़ी हो गई, लेकिन पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था नहीं हो सकी। नतीजा यह है कि रोजाना हजारों लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं।
करीब दो किलोमीटर के दायरे में न फुट ओवरब्रिज है और न ही कोई सुरक्षित यू-टर्न कट। सड़क के दोनों ओर रेलिंग लगाए जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। आसपास के स्कूलों में जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन बनने के बाद यातायात व्यवस्था तो बेहतर हुई, लेकिन पैदल यात्रियों की सुविधा को नजरअंदाज कर दिया गया। सड़क पार करने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि कई लोग मजबूरी में रेलिंग पार करते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सुबह स्कूल खुलने और छुट्टी के समय महेशपुर में स्थिति सबसे ज्यादा खतरनाक हो जाती है। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि फुट ओवरब्रिज और सुरक्षित कट की मांग को लेकर कई बार जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और यातायात विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि विकास किसी की जिंदगी के लिए खतरा न बने। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द फुट ओवरब्रिज और सुरक्षित पारपथ बनाने की मांग की है।













