रामबन। अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामबन जिले के चंदरकोट लंगर स्थल के पास कश्मीर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में अमरनाथ यात्रियों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना सुबह करीब 7:20 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काफिले में शामिल एक बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। इसके बाद पीछे चल रही एक अन्य बस और कार भी हादसे की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल रामबन के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुदर्शन सिंह कटोच ने बताया कि अस्पताल में कुल 18 घायलों को लाया गया था। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया और हालत सामान्य पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा में शामिल वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रह सके।













