वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के नाटी इमली इलाके में बुधवार को घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की समय रहते कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गई।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने थाना प्रभारी चेतगंज वी.के. शुक्ला को फोन कर बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और उसकी जान को खतरा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वी.के. शुक्ला पुलिस टीम और नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस ने महिला के साथ मारपीट कर रहे आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार अपने कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी के पास अवैध हथियार होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी। समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से संभावित बड़ी वारदात टल गई।
चेतगंज पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध पिस्टल के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।









