बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में पत्नी से कथित प्रेम संबंध के शक में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक प्रधान पाठक ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक को घर बुलाया और मोबाइल के केबल तार व प्लास्टिक की सुतली से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ सकरी क्षेत्र में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी रीना कामले का परिचय दावेन्द्र कुमार बघेल से हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई।
करीब एक माह पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने पत्नी को दावेन्द्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी। 30 मई को दावेन्द्र रीना से मिलने उसके घर पहुंचा, जिसे देखकर शिव कामले नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने दावेन्द्र को घर बुलाकर समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शिव कामले और उनके बेटे ने मिलकर दावेन्द्र का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान घबराई रीना कामले सीधे सकरी थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









