वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर वाराणसी नगर निगम शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत शहर के दो लाख परिवारों को चार लाख डस्टबिन निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक परिवार को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो-दो डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे।
नगर निगम के अनुसार, हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, जैसे फल-सब्जियों के छिलके, बचा हुआ भोजन और जैविक अपशिष्ट रखा जाएगा, जबकि नीले रंग के डस्टबिन में प्लास्टिक, कागज, कांच और अन्य सूखा कचरा एकत्र किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य घर-घर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देकर वैज्ञानिक और प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना है।
नगर निगम ने बताया कि 21 जुलाई से गंगा तटवर्ती 25 वार्डों में संचालित ‘त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट’ का विस्तार दूसरे चरण में किया जाएगा। 17 सितंबर से शहर के 25 और वार्ड इस परियोजना से जुड़ेंगे। इसके बाद कुल 50 वार्डों में छह विभागों से संबंधित 14 प्रमुख नागरिक समस्याओं के समाधान का लक्ष्य अधिकतम चार घंटे के भीतर तय किया गया है।
नागरिक शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा भी शुरू की है। नागरिक 8601872601 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारी को जीपीएस लोकेशन और लाइव फोटो के साथ सूचना भेजी जाएगी। समस्या का समाधान होने के बाद अधिकारी समाधान की फोटो अपलोड करेगा, जिसके सत्यापन के बाद शिकायत का स्टेटस अपडेट कर शिकायतकर्ता को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया है। उनके जन्मदिवस पर शुरू किया जा रहा यह अभियान शहर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देगा। उन्होंने कहा कि डस्टबिन वितरण और त्वरित समाधान प्रणाली के विस्तार से वाराणसी को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।









