यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 48 घंटे बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। वाराणसी, लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में वाराणसी में छह मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बीएचयू मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के बावजूद हवा में नमी अधिक रहने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा। सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन और चार जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं सात जुलाई से एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं, जिससे कई जिलों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है और जल्द ही इसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। लगातार बारिश के चलते तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!