वाराणसी। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए समाजसेविका एवं मिसेज एशिया विजेता सचदेवा को प्रतिष्ठित ‘काशी नवरत्न’ अलंकरण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान काशी की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संस्था गुरु कृपा फाउंडेशन की ओर से प्रहलाद घाट स्थित बाल विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला तथा विशिष्ट अतिथि ज्योतिषाचार्य पंडित प्रकाश मिश्र ने सचदेवा को सम्मान पत्र, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि मिसेज एशिया सचदेवा लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा जागरूकता और जरूरतमंद लोगों की सहायता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही हैं। उनका सेवा भाव और सामाजिक समर्पण अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गुरु कृपा फाउंडेशन ने उनके जनसेवा, मानवता और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें ‘काशी नवरत्न’ सम्मान से अलंकृत किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मिसेज एशिया सचदेवा ने संस्था और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।









