बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबे दंपती; गाय की मौत

वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के नोनखरा गांव में तेज बारिश के दौरान कच्चा मकान और उससे लगा टिन शेड अचानक ढह गया। हादसे के समय पशुओं को बांध रहे दंपती मलबे में दबकर घायल हो गए। मलबे में दबने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पशु घायल हुए हैं। घटना में दो लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

गोराई बाजार स्थित पुरंदरपुर ग्राम सभा के नोनखरा गांव निवासी त्रिभुवन यादव (43) अपनी पत्नी वंदना यादव (40) के साथ बारिश के बीच पशुओं को टिन शेड में बांध रहे थे। इसी दौरान कच्चे मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया और उसके साथ टिन शेड भी भरभराकर ढह गया। दोनों पति-पत्नी मलबे में दब गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।

एक गाय की मौत, दो पशु घायल

मलबे में दबने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य पशु घायल हो गए। हादसे में पड़ोसी कल्पनाथ यादव के मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई है। मकान और घरेलू सामान के साथ पशुओं के नुकसान से परिवार को काफी आर्थिक क्षति हुई है।

प्रशासन से मुआवजे की मांग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कराने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!