चंदौली। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अहम फेरबदल किया है। इसके तहत पवन कुमार यादव ने चकिया तहसील के नए उपजिलाधिकारी (SDM) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
वहीं, पूर्व एसडीएम विनय कुमार मिश्रा को कलेक्ट्रेट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि उन्हें वित्तीय कार्यों से जुड़े दायित्व नहीं दिए गए हैं। इस बदलाव को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यभार संभालने के बाद नवागत एसडीएम पवन कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, राजस्व कार्यों में तेजी लाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। तहसील स्तर पर लंबित मामलों के जल्द निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नए एसडीएम से विकास कार्यों में तेजी और जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई है। प्रशासनिक हलकों में भी इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि नए नेतृत्व में चकिया तहसील में कामकाज को नई दिशा मिलेगी।









