वाराणसी। मानवाधिकार सहयोग संघ (एडीसीए परिवार) एवं प्राइम वॉइस राष्ट्रीय दैनिक समाचार के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी के टिकरी स्थित स्वामी वितरागानन्द सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 51 छात्र-छात्राओं को कॉपी, किताबें, ज्योमेट्री बॉक्स और स्कूल बैग वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम का आयोजन मानवाधिकार सहयोग संघ के वाराणसी महासचिव एवं प्राइम वॉइस राष्ट्रीय दैनिक समाचार के मीडिया प्रभारी प्रियव्रत मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय मंत्री बसंत लाल सैनी उपस्थित रहे, जबकि विद्यालय के अध्यक्ष वीरेश्वर सिंह एवं अभिनव बिल्डिंग मैटेरियल्स के राकेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी देते हैं।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय मंत्री बसंत लाल सैनी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और इन्हीं में भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी, वकील, आईपीएस अधिकारी और पायलट तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल दो मिनट की देरी के कारण किसी छात्र को परीक्षा से वंचित कर देना उसके पूरे वर्ष की मेहनत पर पानी फेरने जैसा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन आवश्यक है, लेकिन उसके साथ संवेदनशीलता भी उतनी ही जरूरी है।
बसंत लाल सैनी ने सुझाव दिया कि यदि कोई छात्र कुछ मिनट देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उसके लिए 15 मिनट का ग्रेस पीरियड निर्धारित किया जा सकता है और अलग कक्ष में परीक्षा कराने की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत को समय की छोटी-सी चूक के कारण व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए।
उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि देश की कई व्यवस्थाएं समय से प्रभावित होती हैं, लेकिन सबसे अधिक आवश्यकता न्याय और संवेदनशीलता को समय पर लागू करने की है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में ऐसे मानवीय सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम में लक्ष्मी अग्रहरि (जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ), नीलम श्रीवास्तव (जिला प्रभारी), सुनीता विश्वकर्मा (सह प्रभारी), पूजा गुप्ता (महामंत्री, महिला प्रकोष्ठ), प्रधानाचार्या शशि राय, पलक, सोनम, सोनी, आरुषि, अंशु सिंह सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।













