वाराणसी। यूनिटी फाउंडेशन ऊंचगांव के तत्वावधान में बुधवार को विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर जागरूकता बैठक एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों किशोरियों व महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के डायरेक्टर कन्हैया लाल ने विषय प्रवेश के साथ किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के मासिक धर्म चक्र का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है और इसी जागरूकता के लिए हर वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी दिवस मनाया जाता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रिया मल्ल ने किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म चक्र, उससे जुड़ी समस्याओं, स्वच्छता और पोषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान साफ-सफाई और संतुलित आहार बेहद जरूरी है।
इसके बाद प्रतिभागियों ने कार्यालय परिसर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक जागरूकता रैली निकाली और लोगों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन उर्मिला ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन निर्मला ने प्रस्तुत किया।









