रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश में बड़ी सफलता हासिल करते हुए “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत एक महीने में 4056 लोगों को खोज निकाला है। इस अभियान का संचालन पुलिस महानिदेशक Arun Dev Gautam के निर्देशन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पूरे राज्य में किया गया।
अभियान के दौरान बरामद किए गए लोगों में 545 बच्चे और 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं। विस्तृत आंकड़ों के अनुसार 75 बालक, 470 बालिका, 972 पुरुष और 2539 महिलाओं को सफलतापूर्वक खोजकर उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और नोडल अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिससे कम समय में बड़ी संख्या में गुमशुदा लोगों का पता लगाया जा सका।
इस अभियान की खास उपलब्धि यह भी रही कि 182 गुमशुदा लोगों को अन्य राज्यों—महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश—से खोजकर वापस लाया गया।
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो दुर्ग पुलिस ने 683, बिलासपुर पुलिस ने 648 और रायपुर पुलिस ने 426 गुमशुदा लोगों को खोजकर अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुलिस द्वारा सभी बरामद व्यक्तियों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। “ऑपरेशन तलाश” को छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।













