वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने पीजी पाठ्यक्रमों में खाली बची सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय को समर्थ पोर्टल से सीट आवंटन का डेटा मिलने के बाद प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शनिवार से शुरू की गई।
केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि स्पॉट राउंड का पहला चरण 20 जुलाई रात 11:59 बजे तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों की करीब 2,400 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 16 जुलाई से शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से समर्थ पोर्टल से डेटा समय पर उपलब्ध नहीं हो सका। इसी वजह से काउंसिलिंग दो दिन की देरी से शुरू हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि पहले चरण के बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो 21 जुलाई से दूसरे चरण की स्पॉट काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बीएचयू की योजना है कि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी होने पर 27 और 28 जुलाई को विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग कराई जाए और 30 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। हालांकि, यदि दूसरे चरण की जरूरत पड़ी तो सत्र अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकता है।
इसके अलावा, विश्वविद्यालय में यूजी पाठ्यक्रमों के लिए सीयूईटी के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण भी जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद त्रुटि सुधार और सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।













