किसानों को 1 माह में मुआवजा देने का आदेश, लापरवाही पर SDM और तहसीलदारों को नोटिस

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए निर्देश दिया है कि जिन किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके खातों में एक माह के भीतर भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही विकास कार्यों और राजस्व योजनाओं में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए उप जिलाधिकारी सकलडीहा तथा तहसीलदार सदर और सकलडीहा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता और राजस्व वसूली में गिरावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सीएम डैशबोर्ड, राजस्व, न्यायिक कार्य, चकबंदी, भूमि अधिग्रहण, फार्मर रजिस्ट्री, कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस जैसे महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही भारतमाला परियोजना, रिंग रोड और एनएच जैसी विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में किसानों का मुआवजा लंबित है, उन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे विद्युत पोल और ट्रांसफार्मरों को तुरंत हटाया जाए ताकि परियोजनाओं में देरी न हो।

समीक्षा के दौरान खेल मैदान निर्माण में धीमी प्रगति और स्वामित्व योजना में खराब प्रदर्शन पर भी अधिकारियों को चेतावनी दी गई। संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी अधिकारी न्यायिक और राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा डाटा फीडिंग और तकनीकी कार्यों की नियमित निगरानी करें।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी तहसीलों के राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!