वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित पांडेयपुर चौराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों के साथ चौराहे का निरीक्षण कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौराहे के पास बने डिवाइडर में आवश्यक बदलाव करने और सड़क किनारे खड़े ऑटो के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए अलग से व्यवस्थित ऑटो स्टैंड विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनियोजित पार्किंग और वाहनों की भीड़ कम कर यातायात को अधिक सुचारु बनाया जाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
उन्होंने नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पांडेयपुर चौराहे के पुनर्विकास और सुंदरीकरण की विस्तृत कार्ययोजना जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि चौराहे के पुनर्विकास के दौरान यातायात प्रबंधन, पैदल यात्रियों की सुविधा और वाहन संचालन को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जाएं, ताकि भविष्य में भी जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह, पीडब्ल्यूडी के अभियंता तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने के बाद पांडेयपुर चौराहे पर यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित होगी और लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।













