मिर्जापुर। ऑल प्राइवेट पशुमित्र मैत्री कार्यकर्ता सेवा समिति संघ के पदाधिकारियों ने नियमित मानदेय की मांग को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी मिर्जापुर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ज्ञापन में कहा गया कि पशुपालन विभाग में कार्यरत पशुमित्र, पैरावेट और एआई (कृत्रिम गर्भाधान) तकनीशियन लंबे समय से नियमित मानदेय की मांग कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, मानदेय से संबंधित प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
संगठन ने कहा कि यदि 4 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के पशुमित्र लखनऊ स्थित पशुपालन निदेशालय से विधानसभा तक पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि प्रदेश के हजारों पशुमित्रों को नियमित मानदेय का लाभ मिल सके।









