पेइंग गेस्ट और होम स्टे संचालकों ने विधायक से लगाई गुहार, बिजली विभाग पर उत्पीड़न का आरोप

वाराणसी। शहर के पेइंग गेस्ट हाउस और होम स्टे संचालकों ने शनिवार को विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है और घरेलू बिजली कनेक्शनों को जबरन व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित करने का दबाव बनाया जा रहा है।

संचालकों ने बताया कि अधिकांश होम स्टे और पेइंग गेस्ट प्रतिष्ठान छोटे स्तर पर संचालित होते हैं और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े हैं। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी नोटिस जारी कर व्यावसायिक दरों पर बिजली बिल जमा कराने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कुछ अधिकारियों पर अनावश्यक कार्रवाई और धन उगाही के प्रयासों का भी आरोप लगाया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इस प्रकार की कार्रवाई से छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे उनका संचालन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में स्पष्ट नीति बनाने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नियमों के दायरे में रहकर ही कार्रवाई होनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति या व्यवसायी का अनावश्यक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान संचालकों ने बिजली बिलिंग, स्मार्ट मीटर और विभागीय कार्रवाई से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी विधायक के सामने रखा। उन्होंने मांग की कि छोटे स्तर पर संचालित होम स्टे और पेइंग गेस्ट प्रतिष्ठानों के लिए अलग और स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में पेइंग गेस्ट हाउस एवं होम स्टे संचालक मौजूद रहे और अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!