कोरबा। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोरबा द्वारा 20 से 24 जुलाई तक पांचों जनपद पंचायतों में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन एसआईएस इंडिया कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ के सहयोग से किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्लेसमेंट कैंप की शुरुआत 20 जुलाई को जनपद पंचायत करतला से होगी। इसके बाद 21 जुलाई को कटघोरा, 22 जुलाई को पाली, 23 जुलाई को पोड़ी-उपरोड़ा तथा 24 जुलाई को जनपद पंचायत कोरबा में कैंप आयोजित किए जाएंगे।
सभी प्लेसमेंट कैंप सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होंगे। जिला पंचायत ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी इस रोजगार अभियान का लाभ उठा सकें।
प्रशासन का उद्देश्य शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार से जोड़ना है। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित जनपद पंचायत पहुंचकर प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई है।









