वाराणसी। फूलपुर थाना पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों के टायर चोरी करने की योजना बना रहे तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक ऑटो और टायर खोलने का पाना बरामद किया है। बरामद ऑटो को सीज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात सुरही अंडरपास के पास गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से टायर खोलने का उपकरण और चोरी में इस्तेमाल होने वाला ऑटो बरामद हुआ। इस संबंध में फूलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 313 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से ऑटो के जरिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों के टायर चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे तथा प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। घटना के समय भी वे करखियांव औद्योगिक क्षेत्र में टायर चोरी की योजना बनाकर रेकी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश उर्फ आर्यन कुमार निवासी आदर्श नगर, महमूरगंज (हाल पता सीतापुर, बड़ागांव), अमित यादव निवासी कोईरीपुर मोड़, थाना बड़ागांव तथा इन्द्रजीत राजभर निवासी खरगपुर, थाना सिंधोरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अवधेश के खिलाफ भेलूपुर थाने में पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई करखियांव चौकी प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राम सिंह यादव तथा पुलिस टीम ने की। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में हुई टायर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।









