वाराणसी। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गुड़िया ठठरा, मिर्जामुराद, मोहन सराय, जगतपुर, रोहनिया और चांदपुर मार्ग का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थलों और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह समतल और गड्ढामुक्त होना चाहिए। जहां कहीं भी सड़क क्षतिग्रस्त हो या गड्ढे हों, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर उनका समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग पर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा खुले या जर्जर विद्युत तारों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का बड़ा पर्व है और प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, यात्रा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, एडीएम सिटी सहित पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।













