वाराणसी। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान के तहत फूलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्राओं पर फब्तियां कसने और अशोभनीय इशारे करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि देवमूर्ति शर्मा इंटर कॉलेज, ग्राम दबेथुआ के पास कुछ युवक आने-जाने वाली छात्राओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं तथा अशोभनीय इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान सोनू गौतम (23 वर्ष), हर्ष गौतम (24 वर्ष) और गोविन्द गौतम (21 वर्ष) के रूप में हुई। तीनों जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अनुराधा मौर्या, एंटी रोमियो प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द यादव, महिला कांस्टेबल इन्द्रकला तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल अनीता देवी की प्रमुख भूमिका रही।









