चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर हिस्ट्रीशीटर मृत्युंजय कुशवाहा घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से पुलिस ने दो चोरी के ट्रैक्टर, एक ट्राली और अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बलुआ थाना टीम राधे की मड़ई, ग्राम सोनहुला के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के ट्रैक्टर नहर मार्ग से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया।
बताया गया कि आरोपी मृत्युंजय कुशवाहा ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से दो चोरी के ट्रैक्टर, एक ट्राली, 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।













