वाराणसी। नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राजातालाब क्षेत्र में पुलिस ने सपा और कांग्रेस के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रदर्शन के समर्थन में स्थानीय स्तर पर विरोध की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई की।
राजातालाब थानाध्यक्ष दयाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार सुबह समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और रोहनिया के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल के बीरभानपुर स्थित आवास पहुंची और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया।
इसके अलावा सपा नेता कन्हैया लाल राजभर, एडवोकेट रंजीत पटेल, विधानसभा अध्यक्ष पखण्डी राम बिंद, महासचिव राजेश यादव, प्रमोद यादव और रेवतीरमण सहित कई कार्यकर्ताओं को भी उनके आवास पर ही रोक दिया गया।
वहीं कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा को भी राजातालाब स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया। कांग्रेस के जिला महासचिव अमरेश पटेल, आराजी लाइन ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार मौर्य और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वसीम अख्तर को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर बीरभानपुर गांव के पास हाईवे किनारे एक चाय की दुकान से रोक लिया और बाद में उन्हें भी घर भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। विपक्षी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।









