लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जल्द ही ऐसा नया पोर्टल शुरू करने की तैयारी में है, जिसके माध्यम से पात्र पत्रकार आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस संबंध में पत्रकार संगठनों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने भी पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
सूचना निदेशक ने बताया कि नए पोर्टल के शुरू होने के बाद ऐसे पत्रकार, जो अब तक आयुष्मान योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं या निर्धारित पात्रता के दायरे में शामिल नहीं हो सके हैं, वे जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे सत्यापन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी सरल होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों ने पहले आवेदन किया था लेकिन उनका कार्ड अभी तक जारी नहीं हुआ है, वे अपनी आवेदन की स्थिति beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं।
विभाग के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद इसकी जानकारी सभी जिलों के सूचना विभाग के माध्यम से पत्रकारों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि पात्र पत्रकार समय रहते आवेदन कर सकें और स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के बड़ी संख्या में पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













