वाराणसी। भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर 8 अक्टूबर को नमो घाट पर प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को भारतीय वायुसेना के तीन जैगुआर लड़ाकू विमानों ने वाराणसी के आसमान में अभ्यास उड़ान भरकर कार्यक्रम की तैयारियों को गति दी। विमानों की तेज गर्जना और आकर्षक हवाई करतबों ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद जैगुआर विमानों ने गंगा तट और शहर के विभिन्न हिस्सों के ऊपर निर्धारित रूट पर अभ्यास किया। यह रिहर्सल 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का हिस्सा है।
भारतीय वायुसेना के प्रस्तावित एयर शो में राफेल लड़ाकू विमान, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सहित 100 से अधिक आधुनिक विमान और हेलीकॉप्टर अपनी हवाई क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। गंगा के ऊपर आयोजित होने वाला यह आयोजन वाराणसी के लिए विशेष महत्व रखता है और इसे शहर के सबसे बड़े हवाई प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है।
रिहर्सल के दौरान नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी अभ्यास की निगरानी करते रहे, जबकि स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों के अनुसार मुख्य कार्यक्रम से पहले विभिन्न विमानों के साथ कई चरणों में अभ्यास जारी रहेगा, ताकि आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए भारतीय वायुसेना और हवाई अड्डा प्रशासन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। विमानों की लैंडिंग, पार्किंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, एयर शो में देश के कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों और विदेशी प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक नमो घाट तथा गंगा के अन्य घाटों से इस भव्य हवाई प्रदर्शन का आनंद ले सकेंगे।













