नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। संभावित कैबिनेट विस्तार में महिलाओं और युवा चेहरों को अधिक प्रतिनिधित्व दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व की ओर से लिया जाना बाकी है।
सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, मंत्रिमंडल में महिलाओं की संख्या मौजूदा सात से बढ़ाकर कम से कम 12 किए जाने की योजना पर विचार हो रहा है। इसके साथ ही कुल मंत्रियों की संख्या करीब 75 तक पहुंचाने की संभावना जताई जा रही है।
वरिष्ठ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में हो सकता है बदलाव
संभावित फेरबदल में उम्र और प्रदर्शन को भी महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के 12 मंत्रियों में से करीब एक-चौथाई को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
वहीं, सरकार में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में भी बदलाव की संभावना है। 50 वर्ष से कम उम्र के मंत्रियों की हिस्सेदारी मौजूदा करीब 24 प्रतिशत से बढ़ाकर लगभग 40 प्रतिशत करने की योजना की चर्चा है।
2 सितंबर के बाद तस्वीर हो सकती है साफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद 2 सितंबर के आसपास कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम स्तर पर चर्चा होने की संभावना है। इसके बाद मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव और नए चेहरों को शामिल किए जाने को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
फिलहाल संभावित फेरबदल को लेकर भाजपा और सरकार के स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। अंतिम सूची और बदलावों की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन मंत्रियों को नई जिम्मेदारी मिलती है और किन चेहरों की मंत्रिमंडल से विदाई होती है।























Leave a Reply