बलिया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश की ओर से 26 मई को स्वर्गीय हरिश्चंद्र अग्रवाल की पुण्यतिथि “प्रेरणा दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में आयोजित किया जाएगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार अमीनाबाद, लखनऊ में एक व्यापारी आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग में स्वर्गीय हरिश्चंद्र अग्रवाल की मृत्यु हो गई थी। तभी से अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उनकी पुण्यतिथि को “प्रेरणा दिवस” के रूप में मनाता आ रहा है।
संगठन की ओर से सभी व्यापारियों और पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वे 26 मई को गुरुद्वारा परिसर के सामने, गुरुद्वारा रोड, शहर बलिया में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी, जिला अध्यक्ष प्रयाग चौहान, जिला महामंत्री विनोद वर्मा, युवा जिला अध्यक्ष रविंद्र पटेल और नगर अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
यह आयोजन अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, बलिया के तत्वावधान में किया जाएगा।









