वाराणसी। वाराणसी में रैपिडो बाइक से यात्रा कर रही एक युवती ने चालक पर गलत रास्ते पर ले जाने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद लंका थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कैंट रेलवे स्टेशन से लंका जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक निर्धारित मार्ग छोड़कर दूसरे रास्ते पर जाने लगा। खुद को असुरक्षित महसूस होने पर युवती ने अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी और अपनी लाइव लोकेशन साझा की।
लोकेशन मिलने के बाद युवती के पिता ने चालक को रविदास गेट चौराहे पर आने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर उन्होंने चालक से पूछताछ की। इसी दौरान चालक का एक साथी कथित तौर पर घटना का वीडियो बनाने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी चालक राहुल यादव, निवासी नगवा, हलधरपुर (मऊ), उसे जानबूझकर गलत दिशा में ले जा रहा था। साथ ही पीछे चल रहा उसका साथी अश्लील टिप्पणियां कर रहा था।
लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर राहुल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













