,

सैंडिस कंपाउंड का कायाकल्प: तिरंगा थीम LED लाइटिंग से जगमगाया शहर का प्रमुख स्थल

भागलपुर। शहर के सौंदर्यीकरण को नई पहचान देने के लिए नगर निगम ने सैंडिस कंपाउंड के विकास कार्यों में तेजी ला दी है। इसी कड़ी में यहां तिरंगा थीम पर आधारित एलईडी लाइटिंग की शुरुआत की गई है, जिससे यह ऐतिहासिक स्थल अब शाम होते ही आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

नगर निगम इससे पहले तिलकामांझी चौक और कचहरी चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर वर्टिकल गार्डन विकसित कर शहर को हरियाली और आधुनिकता का नया स्वरूप दे चुका है। इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर रंग-रोगन और रखरखाव का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

अब फोकस सैंडिस कंपाउंड पर किया गया है, जहां नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा के निर्देश पर प्रायोगिक तौर पर छह स्थानों पर तिरंगा थीम की एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। शाम ढलते ही पूरा क्षेत्र तिरंगे रंगों की रोशनी में नहाया नजर आता है, जो लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है।

सैंडिस कंपाउंड से लेकर आसपास के इलाकों में अब रौनक बढ़ गई है। स्थानीय लोग यहां रुककर फोटो खींच रहे हैं और इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं।

रोशनी शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव के अनुसार, आने वाले समय में पूरे सैंडिस कंपाउंड क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से एलईडी लाइटिंग का विस्तार किया जाएगा, जिससे यह स्थान शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सके।

अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। शहरवासियों ने भी इस कदम को भागलपुर को आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

ब्यूरो प्रमुख- ​भागलपुर

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!