रायगढ़। शादी सीजन में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने शहर के मैरिज गार्डन संचालकों के साथ अहम बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आयोजनों के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या का समाधान करना रहा।
डीएसपी ने साफ निर्देश दिया कि अब किसी भी शादी या बड़े आयोजन से पहले मैरिज गार्डन संचालकों को संबंधित थाना और यातायात शाखा को पूर्व सूचना देनी होगी। इससे पुलिस पहले से तैयारी कर सकेगी और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि बारात और कार्यक्रमों के दौरान सड़कों पर खड़े वाहनों की वजह से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में हर गार्डन संचालक की जिम्मेदारी होगी कि वह पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करे। जहां स्थायी पार्किंग उपलब्ध नहीं है, वहां अस्थायी पार्किंग का इंतजाम करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा आयोजनों के दौरान प्राइवेट गार्ड और वालंटियर तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जो पार्किंग और ट्रैफिक को नियंत्रित करेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि गार्डन के बाहर सड़क पर वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे और इसके लिए स्पष्ट पार्किंग संकेतक लगाए जाएंगे।
बैठक में बारात के मार्ग का पूर्व निर्धारण, कार्यक्रम के समय स्लॉट की जानकारी और यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय जैसे अहम बिंदुओं पर भी सहमति बनी। मैरिज गार्डन संचालकों ने इन निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया और बैठक को शहर के हित में महत्वपूर्ण बताया।









