चंदौली। मवई-पचफेड़वा रिंग रोड से सटे गांवों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। बीते एक वर्ष में इस क्षेत्र में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है, खासकर पशुपालक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ताजा मामला कुरहना गांव (थाना अलीनगर) का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने पशुपालक रमेश शर्मा के घर के बाहर खूंटे से बंधी दो दुधारू भैंसों को खोलकर चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। चोरी गई भैंसों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित का आरोप है कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई कर वापस लौट गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि रिंग रोड बनने के बाद इलाके में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह इलाका मुगलसराय कोतवाली और अलीनगर थाना क्षेत्र की सीमा में आता है। पिछले एक साल में यहां आभूषण, नकदी और अब पशुधन की चोरी के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी बड़ी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
इस संबंध में भूपौली चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गई है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया गया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है।













