वाराणसी। मोहनसराय-बैरवन स्थित हाईवे रेलवे ओवरब्रिज की नवनिर्मित सर्विस रोड कई स्थानों पर धंस जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अखरी से मोहनसराय की ओर जाने वाली यह सर्विस रोड निर्माण के कुछ ही महीनों बाद क्षतिग्रस्त होने लगी थी। बैरवन गांव के सामने कई हिस्सों में सड़क धंस चुकी है, जिससे मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और आवागमन जोखिमभरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर फैली गिट्टी और मिट्टी के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। उनका दावा है कि अब तक कई लोग इस मार्ग पर चोटिल हो चुके हैं। शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
यह सर्विस रोड प्रतिदिन हजारों वाहनों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में इसकी खराब स्थिति किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की है।









