वाराणसी। डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर स्थित हॉस्टल में बुधवार सुबह उपद्रवियों द्वारा घुसकर तोड़फोड़ और खिलाड़ियों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कई खिलाड़ी घायल हुए हैं, जबकि हॉस्टल और मेस की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे बाहरी लोगों का एक समूह स्टेडियम परिसर पहुंचा और ट्रैक पर अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे, हॉकी स्टिक और ईंट-पत्थरों के साथ दोबारा लौटे और हॉस्टल परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
हमलावरों ने हॉस्टल के कमरों और मेस में तोड़फोड़ करते हुए फ्रिज, कूलर, टीवी, खिड़कियां, दरवाजों के हैंडल और बाथरूम की टाइल्स को क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्रैक पर रखे खेल उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। मेस इंचार्ज ने घटना के दौरान 19 हजार रुपये गायब होने की जानकारी भी दी है।
हमले में कई खिलाड़ियों को हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि वे आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस घटना से उनका अभ्यास प्रभावित हुआ है। उन्होंने हॉस्टल और स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह स्टेडियम के सिंथेटिक टर्फ की मरम्मत के चलते ट्रैक को 15 दिनों के लिए बंद किया जाना और अभ्यास के लिए निर्धारित प्रवेश शुल्क को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी बताई जा रही है। पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि टर्फ मरम्मत कार्य पूरा होने तक ट्रैक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि घटना की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज करा दी गई है और खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं खिलाड़ियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्टेडियम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।













