वाराणसी। श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को जीआरपी कैंट पुलिस ने आरपीएफ, पीएसी, बीडीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ स्टेशन परिसर में व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों के साथ ट्रेनों में भी संदिग्ध लोगों और सामान की जांच की। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश के निर्देश और वाराणसी रेलवे के पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में की गई।
स्टेशन के चप्पे-चप्पे की हुई जांच
जीआरपी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल ने पार्सल घर, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण हॉल, फुट ओवरब्रिज, वाहन स्टैंड और सर्कुलेटिंग एरिया की जांच की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म और स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों में भी यात्रियों और सामान की तलाशी ली गई।
बीडीडीएस और डॉग स्क्वायड की मौजूदगी में संदिग्ध वस्तुओं की पड़ताल की गई। स्टेशन परिसर में बिना किसी जरूरी काम के रुके लोगों को भी वहां से हटाया गया।
कांवड़ियों और यात्रियों को किया जागरूक
श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों को भी सुरक्षा को लेकर सतर्क किया। यात्रियों से अपील की गई कि किसी अनजान व्यक्ति से खाद्य पदार्थ या कोई अन्य वस्तु लेकर उसका सेवन न करें।
पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा जीआरपी और आरपीएफ को सूचना देने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था पर रखी जा रही नजर
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान स्टेशन पर हालात सामान्य और शांतिपूर्ण रहे। श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।























Leave a Reply