मिर्जापुर। जनपद के कटरा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सेम्फोर्ड स्कूल के पास एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। महिला के गले पर गहरे कट के निशान पाए गए हैं, जबकि उसके शरीर के कई हिस्सों पर भी चोट के निशान मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर कटरा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला के साथ यह घटना किस परिस्थिति में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मामला किसी आपराधिक वारदात, हमला या अन्य किसी कारण से जुड़ा है या नहीं।
महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने उसकी जानकारी और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किए हैं, ताकि परिजन या परिचितों तक सूचना पहुंच सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त महिला को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है तो तत्काल पुलिस से संपर्क करे।
जानकारी साझा करने के लिए निम्न नंबर जारी किए गए हैं:
- कटरा कोतवाली थाना प्रभारी: 9454404014
- नटवा चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी: 9454009828
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और महिला की पहचान होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













