लखनऊ। प्रतीक यादव का बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। वह मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में मामले को संदिग्ध मानते हुए जहरबंदी की आशंका जताई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस और चिकित्सा सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे प्रतीक यादव अपने आवास के किचन में अचेत अवस्था में मिले। उनके शरीर पर कुछ चोट के निशान भी पाए गए। सुबह करीब छह बजे उनके ड्राइवर ने सिविल अस्पताल के डॉक्टर को फोन कर जानकारी दी कि उनकी तबीयत गंभीर है।
डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी के साथ विशेष पैनल की निगरानी में कराया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घर के अंदर मौजूद लोगों, परिवार के सदस्यों और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोट के निशानों और जहर की आशंका को लेकर गहराई से जांच कर रही है।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए किया था और लखनऊ में जिम व्यवसाय संचालित करते थे। उनकी शादी वर्ष 2011 में अपर्णा यादव से हुई थी। अपर्णा यादव वर्ष 2022 में भाजपा में शामिल हुईं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
हाल के दिनों में दंपति के रिश्तों में तनाव की चर्चाएं भी सामने आई थीं, हालांकि परिवार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। कई नेताओं और शुभचिंतकों ने दुख व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।













