सतना। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र स्थित तिवनी गांव में सोमवार सुबह एक घर के बाहर कमर्शियल बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।
घटना तिवनी गांव के देवी टोला की बताई जा रही है। वेल्डिंग मैकेनिक गोलू कोरी के घर के मुख्य दरवाजे के बाहर सुबह करीब 9 बजे बीयर की कांच की बोतल में संदिग्ध वस्तु रखी मिली। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची बीडीएस (बम डिस्पोजल एंड टेक्निकल सर्विस) टीम ने जांच के बाद बम को डिफ्यूज किया। टीम लीडर प्रमोद तिवारी के अनुसार बम को कांच की बोतल में मैकेनिज्म, जिलेटिन, कोडेक्स और डेटोनेटर की मदद से तैयार किया गया था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यदि सेफ्टी फ्यूज में आग लग जाती तो करीब 600 वर्ग फीट क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस के मुताबिक बम में इस्तेमाल सामग्री आमतौर पर खदानों में विस्फोटक के रूप में उपयोग की जाती है।
पुलिस का अनुमान है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने देर रात घर के बाहर बम रख दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मध्य प्रदेश पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।













