वाराणसी। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दशाश्वमेध थाना पुलिस ने रविवार को डोमरी रेते में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी और जल पुलिस प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने दशाश्वमेध घाट के सामने स्थित डोमरी रेते में व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान रेते में बैठे लोगों की जांच की गई। साथ ही घोड़े और ऊंट संचालकों का सत्यापन कर उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने अनावश्यक रूप से रेते में देर तक बैठने वाले लोगों को भी सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
अचानक पुलिस टीम के पहुंचने से डोमरी रेते में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि यह अभियान केवल सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डोमरी रेते का क्षेत्र प्रशासनिक रूप से जनपद चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वाराणसी पुलिस समय-समय पर यहां भी विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान चलाती रहती है।
पुलिस का कहना है कि पर्यटन स्थलों और गंगा तटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।









