वाराणसी। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, नमाज स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
अपर पुलिस आयुक्त ने पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष नजर रखने को कहा। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस प्रशासन ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है। नमाज स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था तथा महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा नगर निगम, विद्युत विभाग और जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों और बाजारों में डायवर्जन प्लान लागू कर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने कुर्बानी स्थलों पर शासन के दिशा-निर्देशों का पालन कराने, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही डीजे, लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को शासनादेश के अनुरूप सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 को दें।













