वाराणसी। भीषण गर्मी और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल से संबद्ध “न्याय-मंच” के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मंडलायुक्त से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंच के अध्यक्ष सोनालाल सेठ ने किया।
व्यापारियों ने गोदौलिया से मैदागिन मार्ग तक श्रद्धालुओं और आम लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए स्प्रिंकलर फव्वारा लगाने की मांग की। इसके साथ ही श्री काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र के गेट नंबर 2 और 3 के पास अतिरिक्त वाटर कूलर लगाए जाने की भी मांग उठाई गई, ताकि दर्शनार्थियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके।
ज्ञापन में कहा गया कि पुरुषोत्तम मास और पंचकोशी यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। ऐसे में मणिकर्णिका घाट की ओर से आने वाले यात्रियों को नीलकंठ मार्ग स्थित गेट नंबर 3 से सीधे दर्शन की अनुमति दी जानी चाहिए, जिससे उन्हें अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने रोपवे परियोजना और विश्वनाथ धाम क्षेत्र के दुकानदारों को भेजे गए कैम चार्ज नोटिसों पर भी आपत्ति जताई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि गोदौलिया-मैदागिन मार्ग पर संचालित निःशुल्क गोल्फ कार्ट सेवा में अनियमितता हो रही है और अवैध गाइडों की मिलीभगत से श्रद्धालुओं को पूरी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
इसके अलावा व्यापारियों ने गोदौलिया, गिरिजाघर, चौक और पीडीआर मॉल क्षेत्र में बढ़ते ई-रिक्शा अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। मंडलायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में महेश चंद्र माहेश्वरी, मनोज सिंह, केशरी नंदन उपाध्याय, शैलेन्द्र सिंह, भानु मिश्र सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।













