लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी पीड़ित को न्याय मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुकदमों की जांच निष्पक्ष हो तथा किसी भी प्रकार के दबाव या पक्षपात की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने शासन स्तर के अधिकारियों से उन जिलों की विशेष निगरानी करने को कहा, जहां पुलिस संबंधी शिकायतें अधिक मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाए और व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं।
राजस्व एवं पारिवारिक विवादों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां संभव हो, पहले आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाए। यदि आवश्यकता हो, तो कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।













