वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से भरे कलश के साथ सोमवार को सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश लेकर कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ हुआ। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया से शुरू हुई इस यात्रा को जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा के दौरान सीर गोवर्धनपुर की पावन माटी से भरे कलश को श्रद्धापूर्वक विभिन्न गांवों में ले जाया गया। राजातालाब मंडल के भीमचंडी, भिखारीपुर, चंदापुर, सिंगही और मिल्कीपुर में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर कलश पूजन, भजन-कीर्तन और गुरु रविदास जी के विचारों पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना और समाज में समरसता की भावना को सशक्त करना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री संजय सोनकर, जिला मंत्री अश्वनी पांडेय, वरिष्ठ नेता संजीव सिंह गौतम, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय राज यादव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रियदर्शी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री प्रेमशंकर पाठक, अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, बृजेश राजभर, ज्ञानचंद्र पटेल, सुजीत पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।









