चंदौली। संजीव कुमार गोंड ने शुक्रवार को नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आए आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य आपदा मोचक निधि के तहत मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये के राहत चेक वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए। बीते 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान में शिकारगंज गांव निवासी गुलाब की दीवार गिरने से मौत हो गई थी, जबकि करवदिया गांव की प्रभावती देवी पेड़ गिरने से दब गई थीं। वहीं बोदलपुर गांव निवासी रामकेश यादव कच्ची दीवार गिरने से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस दौरान कैलाश आचार्य, चंद्र मोहन गर्ग और काशीनाथ सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
आंधी-तूफान में करवदिया गांव निवासी प्रभावती देवी और शिकारगंज गांव निवासी गुलाब के मकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिला प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को अलग से 1 लाख 20 हजार रुपये का गृह अनुदान भी दिया गया।
इससे पहले प्रभारी मंत्री ने ग्राम मझगावां में भी तूफान से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मौके पर उप जिलाधिकारी पवन कुमार यादव, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार आशुतोष राय, मोहम्मद आरिफ, बीडीओ विकास सिंह, डॉ. कुंदन गोंड़, आशीष पाठक सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।













